मढौरा के कोरोना संक्रमित मरीज की पटना में मौत

• गांव में संक्रमण के फैलाव के रोकथाम के लिए प्रशासनिक गतिविधियां तेज

• पीएमसीएच में  इलाज के दौरान हुयी मौत


मढ़ौरा(सारण) । कोरोना के भय और दहशत के बीच सारण में शनिवार को पहली मौत हो गयी । इस मौत के साथ मढ़ौरा प्रखंड ने कोरोना प्रभावित प्रखंड के रुप में अपनी शुरुआत कर ली है । मृतक मढ़ौरा के सलिमापुर पंचायत का निवासी बताया गया है । घटना की जानकारी के बाद से अब तक सुरक्षित रहे प्रखंड में प्रशासनिक गतिविधि तेज हो गयी । मृतक के गांव को सभी तरफ से सील कर वहां के लोगों का स्वास्थ जांच तेजी से किया जा रहा है । सभी को सतर्क और लक्षणों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है । मृतक की पत्नी, तीन पुत्र, दो पतोहू, दो भतिजा, एक चालक का सेम्पल कलेक्ट करवाने के लिये एम्बुलेस से छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है । गांव की सीमा को सील करने के लिये बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल, गौरा ओपी इंचार्ज रामचंद्र तिवारी पुरे दिन सक्रिय रहे । रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डा. आरएन तिवारी के नेतृत्व में चिकित्सक का एक दल गांव के लोगों का प्रारंभिक स्वास्थ जांच में लग गया था । गौरा इंचार्ज से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम में सलिमापुर बाजार चौक, पूर्व में सलिमापुर मंदीर के पास, दक्षिण में नेथुआ से सलिमापुर पगडंडी रास्ता और उत्तर में सलिमापुर चेक पोस्ट के पास मार्ग को सील किया गया है । बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल मृतक के साथ और सम्पर्क में रहे लोगों की पहचान कर उनका सेम्पल कलेक्ट करने के लिये छपरा भेजा जा रहा है । किसी अन्य में भी कोई लक्षण मिलने पर उनका सेम्पल जांच के लिये लिया जायेगा।

• कोरोना संक्रमित ब्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री कोलकाता से आने की थी :

कोरोना के कारण मौत का शिकार बना व्यक्ति गांव में किसी भी गृह प्रवेश में शामिल नही हुआ था । परिजन यह बताते है कि गृह प्रवेश घर में नही गांव में था जो 18 मई को होना था । वह 17 मई को तबियत बिगड़ने पर कोलकता से एक स्विफ्ट डिजायर कार किराये पर लेकर अपनी पत्नी, बेटा व अन्य के साथ गांव पहुंचा था । बाद उसी दिन गांव से एक बोलेरे किराया पर लेकर छपरा सदर अस्पताल इलाज के लिये चला गया था । यहा उसे अस्पताल में ही भर्ती कर लिया गया और स्थिति बिगड़ने पर पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था । परिजनों ने बताया कि उसे पहले से सुगर और उच्च रक्तचाप की गंभीर समस्या थी । पटना में भी स्थिति में सुधार नही होने पर उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था । यही पर संदेह होने पर कोरोना जांच के लिये उसका सेम्पल लिया गया था । इसी दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी । जांच रिपोर्ट के लिये पीएमसीएच ने उसके शव को रोक रखा था । उक्त व्यक्ति मृत्यु के उपरांत मिली जांच रिपोर्ट में कोरोना पाजिटीव पाया गया तो मढ़ौरा में हलचल तेज हो गयी । शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने आपसी सहमति से उसका पटना में ही अंतिम संस्कार कर दिया है।