पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के पचहतर टोले सतजोड़ा गांव निवासी वेदप्रकाश राय उर्फ लड्डू राय की हत्या मामले में मृतक की पत्नी ममता देवी ने जिला पार्षद सुरेश राय पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है । इस मामले में उसने जिला पार्षद सहित पांच लोगों को नामजद किया है । दर्ज प्राथमिकी में उसने कहा है कि मेरे पति अपनी बहन के साथ जिला पार्षद के दिल्ली स्थित फैक्टरी में काम करते थे । जिला पार्षद की मेरे ननद के प्रति गलत नीयत भांपकर वे अपनी बहन के साथ वापस आ गए एवं कोलकाता कमाने चले गए । कोलकाता से वे एक माह पहले घर आये थे । इसी दौरान जिला पार्षद के इशारे पर मेरे ही गांव के मजिस्टर राय उर्फ राजू राय ,पप्पू राय ,लाला राय एवं वृतभगवानपुर गांव के शेखर राउत ने मेरे पति के साथ दोस्ती गांठ ली एवं मौका देखकर उनकी हत्या कर दी । इस संबंध में थानाध्यक्ष के डी यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है ।