मुगलसराय जंक्शन अब हुआ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन
दैनिक खोज खबर, डेस्क
भारतीय रेलवे के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में से एक मुगलसराय जंक्शन का अब नाम बदल गया है। मुगलसराय स्टेशन को अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के नाम से जाना जाएगा।
उतर प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष जून माह में ही यह प्रस्ताव भेजा था व इसके लिए अनापत्ति की मांग की थी। सोमवार को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलने की अधिसूचना जारी कर दी।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मुगलसराय स्टेशन का नाम बदले जाने को ले ट्वीट किया है। अपने ट्वीटर हैंडल पर रेल मंत्री श्री गोयल ने लिखा है कि : “नागरिकों की माग को देखते हुवे उत्तर प्रदेश के मुग़लसराय जंक्शन का नाम परिवर्तित कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया। मुझे खुशी है कि अंत्योदय जैसा महान विचार देनेवाले पंडित दीनदयाल जी के नाम से अब यह स्टेशन जाना जाएगा।”

आपको बता दे कि मुग़लसराय स्टेशन से प्रतिदिन 250 ट्रेनें गुजरती हैं। बताया जाता है कि आरएसएस के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का शव वर्ष 1968 में संदिग्ध हालत में मुगलसराय स्टेशन से बरामद किया गया था जिसके बाद भाजपा व आरएसएस के नेताओ ने मुग़लसराय स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर करने की मांग की थी जो अब पुरी हुई है।