मांझी। जिला प्रशासन द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए व्रतियों को छठ घाटों पर अर्घ्य दान करने की छूट मिलते ही स्थानीय युवकों ने छठ घाटों पर सफाई अभियान शुरू करा दिया। मांझी के प्रसिद्ध राम घाट पर गोपाल शर्मा तथा लवजी सिंह के नेतृत्व में घाट का समतलीकरण तथा सफाई अभियान शुरू कर दिया गया। उधर कौरु धौरू पंचायत में मुखिया पति उदय शंकर सिंह तथा मांझी पश्चिमी पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि राहुल गुप्ता ने जेसीबी से विभिन्न घाटों को समतल कराया। बैरिया घाट पर मुखिया नवरत्न प्रसाद तथा बाबा मधेश्वर नाथ घाट पर धनञ्जय ओझा के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। धनी छपरा तथा मझनपुरा में पुरुषोत्तम सिंह रंजन सिंह सुनील तिवारी तथा पिन्टू सिंह आदि ने सफाई अभियान चलाया। दुर्गापुर में गायक भोला सिंह बुचुल सिंह सोनू सिंह तथा मिथिलेश सिंह आदि के नेतृत्व में युवकों ने युद्धस्तर पर घाटों की सफाई की।