मढ़ौरा(सारण)। मढौरा नगर पंचायत में 30 जून 2026 को आयोजित स्थायी सशक्त समिति की बैठक अब विवादों में है। वार्ड पार्षद पुष्पा देवी ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि बैठक में उनकी उपस्थिति नहीं होने के बावजूद उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए और प्रस्ताव पारित कर लिए गए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। वहीं, सशक्त समिति सदस्य अन्य पार्षदों सत्येंद्र कुमार और चितरंजन कुमार सिंह ने भी इस बैठक की कार्यवाही पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी न मिलने के कारण बैठक पारदर्शी नहीं रही। पार्षदों ने मांग की है कि उक्त बैठक और उसमें पारित सभी प्रस्तावों को तत्काल निरस्त कर, नियमों के तहत पुनः बैठक बुलाई जाए। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि फिलहाल इस प्रकार के आवेदन की मुझे जानकारी नहीं है, संज्ञान में आने पर उक्त विषयक जांचोपरांत विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।