
मढ़ौरा (सारण)। लंबे समय से डिग्री कॉलेज की प्रतीक्षा कर रहे मढ़ौरा प्रखंड के लिए 1 जुलाई बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुबारकपुर स्थित नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। सत्र के पहले दिन, कॉलेज के प्रतिनियुक्त प्राचार्य डॉ. शकील अहमद अता ने नामांकित छात्र-छात्राओं को राज्यपाल का रिकॉर्डेड संबोधन सुनाया। इस संदेश के माध्यम से राज्यपाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा और अध्यापन के महत्व से प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना सिंहा, शिक्षक शंकर प्रसाद यादव और भीष्म कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल कॉलेज में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान—इन छह विषयों में स्नातक की पढ़ाई होगी। हालांकि, वर्तमान में प्राचार्य के अलावा केवल अर्थशास्त्र की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना सिंहा और कंप्यूटर स्टाफ ने ही अपना कार्यभार संभाला है। अन्य विषयों के लिए भी प्राध्यापकों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, समर्थ पोर्टल पर नामांकन के लिए अब तक 115 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 50 छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित हो चुका है। इस कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।




Recent Comments