मढ़ौरा। 74वें गणतंत्र दिवस पर पुरे अनुमंडल क्षेत्र के हर्षोल्लास पूर्वक सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां पर गणमान्य लोगों ने शान से राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। अनुमंडल स्तर पर मुख्य राजकीय समारोह मढ़ौरा आईटीआई खेल मैदान में आयोजित किया गया। जहां पर एसडीओ योगेंद्र कुमार एवं डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने संयुक्त रूप से ग्राउंड में परेड टुकड़ियों का निरीक्षण कर सलामी ली और विभिन्न झांकियों का आवलोकन किया। राजकीय मुख्य समारोह स्थल पर एसडीओ योगेन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। संक्षिप्त संबोधन के दौरान एसडीओ श्री कुमार ने दुनिया में भारतीय गणतंत्र को पुराना बताया और 26 जनवरी 1950 को अंगीकार भारतीय संविधान में हर नागरिक को पूर्ण आस्था रखने की बात कही। गणतंत्र दिवस समारोह में खेल, सामाजिक और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों के साथ झांकियो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
वहीं अनुमंडल मुख्यालय में एसडीओ आवास, डीएसपी आवास, अनुमंडल कार्यालय, शहीद स्मारक, डॉ भीमराव अंबेडकर स्मारक, सरदार वल्लभ भाई पटेल स्मारक, थानाध्यक्ष कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय समेत सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित कर धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया गया।