दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के अंवारी में महुआनी पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में पिता और उनका सात वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान दिलीप कुमार और उनके बेटे अनुज कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार अपने पुत्र अनुज को बाइक पर बैठाकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अंवारी के पास अनियंत्रित होकर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए मढ़ौरा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि पिता और पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।