दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)।आरा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भिटौली गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी की मौत के विरोध में मढ़ौरा में भी आक्रोश की लपट पहुंची है। गुरुवार की देर शाम स्थानीय लोगों ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि देने और घटना की त्वरित व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एक कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च मढ़ौरा के धेनुकी चौक स्थित पटेल स्मारक से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए शहीद रामजीवन सिंह स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान दर्जनों की संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए और शहीद स्मारक पर मोमबत्तियां जलाकर अपनी संवेदना व्यक्त की। मार्च में शामिल लोगों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग की। लोगों का कहना था कि दोषियों को चिन्हित कर उन पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिल सके। ज्ञात हो कि भरत भूषण तिवारी, जो आरा जिले के जवानियां गांव के बाढ़ पीड़ितों के हक की लड़ाई लड़ रहे थे, की पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत से पूरे बिहार में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। इस कैंडल मार्च में विष्णुगुप्त सहित क्षेत्र के दर्जनों प्रबुद्ध जन और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से पारदर्शी जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।