दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। मुहर्रम पर्व के मद्देनजर मढ़ौरा अनुमंडल प्रशासन ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार की देर शाम मढ़ौरा एसडीओ निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला. मार्च अनुमंडल कार्यालय से शुरू होकर मढ़ौरा के मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न इलाकों तक गया.इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया.एसडीओ निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मार्च में मढ़ौरा थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद समेत पुलिस के अधिकारी और भारी संख्या में सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.