
प्रखंड के सात लाभुकों को वाहन खरीद पर पांच लाख रुपए का मिलेगा अनुदान
मढ़ौरा(सारण)। मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना की जानकारी देने जिला परिवहन पदाधिकारी मढ़ौरा पहुंचे। प्रखंड सभगार में डीटीओ शंकर शरण ओमी ने एसडीओ डा. प्रेरणा सिंह, बीडीओ सुधीर कुमार के साथ विकास मित्र व जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। बैठक में डीटीओ ने मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना की विस्तृत जानकारी दी और इस योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रकिया को बताया। बताया कि प्रखंड के पंचायतों को जिला से जोड़ने व आमजनों को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री परिवहन योजना को लागू किया है। इसके तहत जिला के सभी प्रखंड से सात लाभूकों को योजना का लाभ देना है। चयनित लाभूक को पांच लाख रुपये का अनुदान मिलेगा जिसे परिवहन विभाग उपलब्ध करायेगी। सात लाभूकों में अनुसूचित जाति से दो, अत्यंत पिछड़ी जाति से दो, पिछड़ी जाति से एक, समान्य जाति से एक और अल्पसंख्यक से एक लाभूक को योजना का लाभ मिलेगा।
शिड्युल के अनुसार आवेदन 6 से 27 दिसम्बर तक किया जाएगा। 28 दिसम्बर को वरीयता सूची का निर्धारण होगा। 29 दिसम्बर को डीएम की अध्यक्षता में अतिम तौर पर लाभूक का चयन और 2 जनवरी से 5 तक आपत्ति को आमंत्रित कर 6 जनवरी को लाभूक की अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। 8 जनवरी को लाभूक को उसका चयन पत्र मिलेगा।
डीटीओ शंकर शरण ओमी ने इस दौरान सड़क दुर्घटना में मुवाबजा राशि प्राप्त करने की जानकारी दी। बताया कि सड़क दुर्घटना का मुवाबजा एक मात्र मृतक के होने पर भी देय है । यह राशि पहले चार लाख थी अब दो लाख है। दुर्घटना में जख्मी होने पर पीड़ित को 50 हजार रुपया का मुवाबजा देय है। इस दौरान प्रखंड प्रमुख गायत्री देवी, बीपीआरओ प्रजक्ता साइमन, मनरेगा पीओ विवेक रंजन, बीईओ मदन मोहन साह, बीएओ संजीव सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अतुल कुमार, महफूज आलम, प्रमुख प्रतिनिधि शीला प्रसाद यादव सहित प्रखंड के सभी विकास मित्र उपस्थित थे।




Recent Comments