दुर्गा दत पाठक की रिपोर्ट :-
बिना पेपर जांच के वाहन खरीदने वाले वाहन मालिक नपेंगे, गाड़ी के साथ हमेशा रखना होगा मूल कागज़ात अन्यथा कानूनी कार्रवाई तय । उक्त बातें बेतिया पुलिस अधीक्षक जयंत कांत ने एक राष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करने के बाद रविवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेतिया एवं बगहा सीमावर्ती क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वाहन चोर गिरोह द्वारा अवैध रूप से पेपर तैयार कर गाड़ियों की खरीद बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नरकटियागंज म0 नेसार के नेर्तृत्व में टीम गठित कर गौनाहा थाना के विभिन्न स्थानों पर छापामारी की गई। जिसमें बड़े पैमाने पर चोरी के वाहनों की बरामदगी करते हुए वाहन चोर गिरोह के सरगना विकास राय साकिन वैकुंठवा थाना रामनगर जिला बगहा एवं अरुण राय साकिन महुआ सिकरा जिला वैशाली सहित 7 लोगो को गिरफ्तार किया गया। इनके निशानदेही पर 9 बोलेरो तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जिसको जिला परिवहन कार्यालय से सत्यापन कराया गया जिसमें सभी गाड़ियां चोरी की पाई गई । गिरफ्तार अपराधियो से गहन पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं जिसके आलोक में छापेमारी शुरू कर दी गयी है। पुलिसअधीक्षक ने बताया कि इस धंधे में संलिप्त अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे । उन्होंने गाड़ी खरीदने वालों को आगाह करते हुए कहा कि किसी प्रकार की गाड़ी खरीदने के पहले गाड़ी से संबंधित कागजातों का ज़िला परिवहन कार्यालय से सत्यापित करवा लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें । उक्त छापेमारी टीम में शिकारपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, गौनाहा थानाध्यक्ष राधेश्याम पासवान सहित दर्जनों पुलिस कर्मी शामिल थे।





Recent Comments