पश्चिम चम्पारण ब्यूरो प्रमुख दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट –

जिलावासियों को घर में रहने की डीएम की अपील

बेतिया। जिला में कोविड 19 कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व जनता काफी जागरूक है। केन्द्र सरकार के “लाॅक डाउन” का अनुपालन कराने के लिए मङ्गलवार को कुंदन कुमार(डीएम), निताशा एस गुड़िया(एसपी) व जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय बेतिया के रेलवे स्टेशन चौक, हरिवाटिका चौक, ब्लाॅक रोड, मोहरम चौक, तीन लालटेन चौक, सागर पोखरा, नौरंगाबाग, इमली चौक, बसवरिया चौक, बड़ा रमना, मीना बाजार, सोआबाबू चौक, लाल बाजार, राज ड्योढ़ी, नजरबाग पार्क, अस्पताल रोड, इंदिरा चौक, इलम राम चौक, द्वारदेवी चौक, नया बाजार चौक, बुलाकी सिंह चौक, जोड़ा इनार, हजारी टोला, कालीबाग, जमादार टोला जाकर “लॉक डाउन” की स्थिति को देखा व स्थिति से अवगत हुए। इस दौरान (माईकिंग) ध्वनि विस्तारक यंत्र से लोगों को “लाॅक डाउन” का अनुपालन करने का अनुरोध किया गया। यह जानकारी सार्वजनिक की गई कि स्वास्थ्य विभाग एवं परिवहन विभाग के दिशा-निर्देश का अक्षरशः अनुपालन सभी सुनिश्चित करें। इस दौरान बिना हेलमेट एवं अनावश्यक कार्यवश आवागमन करने वाले बाइक सवारों से जुर्माना भी वसूला गया। डीएम कुन्दन कुमार ने कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से राकने को पूर्ण “लाॅक डाउन” लागू है, जिसका अनुपालन अनिवार्य है। “लाॅक डाउन” का मूल उदेश्य है कि लोग घरों में रहें, जिससे बाहरी लोगों से संपर्क नहीं हो सके एवं संक्रमण रूक जाए। उन्होंने कहा कि “लाॅक डाउन” के दौरान कुछ लोग अपने निजी वाहन मोटरसाइकिल, स्कूटी, कार से शहरों/गांवों में एक स्थान से दूसरे स्थान तक मूवमेंट कर रहे हैं, जो काफी खतरनाक साबित हो सकता है। इसको लेकर परिवहन विभाग ने वाहनों के परिचालन को निर्देश जारी किया है। उन निर्देशों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। इसका उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर विधि व न्यायसंगत कार्रवाई प्रारंभ है। डीएम ने कहा कि परिवहन विभाग के जारी निदेश में कहा गया है कि सरकारी वाहन एवं आपातकालीन सेवा में संलग्न वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन बिना किसी आपातकालीन कारण या पास के नहीं चलें।