दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में जलजमाव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी, डॉ0 निलेश रामचंद्र देवरे ने आज नगर परिषद, बेतिया द्वारा विभिन्न जगहों पर नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस क्रम में नालों पर हुए पक्के निर्माण को भी ध्वस्त करवाया गया। इसके साथ ही विपिन हाईस्कूल के समीप नाला एवं सड़क पर निर्मित अवैध संरचनाओं को भी अपनी देखरेख में जिला पदाधिकारी ने तुड़वाया।उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को शहर के विभिन्न नालों की सफाई तत्परतापूर्वक करने का निदेश दिया ताकि जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने नप प्रशासन को जलनिकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को हिदायत दिया कि दो दिनों के अंदर शहर से जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिला तो आवश्यक कार्रवाई की जायेगी साथ ही उन्होंने कहा कि जिस जगह पर सफाई में प्रयुक्त होने वाले मशीन की जरूरत है वहां उससे सफाई कराये, जहां मजदूरों की आवश्यकता है वहां मजदूरों से जलनिकासी एवं सफाई कार्य कराया जाय। जिलाधिकारी द्वारा नगर को स्वच्छ बनाने हेतु निरंतर साफ-सफाई करवाने, फॉगिंग मशीन द्वारा मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने का भी निदेश दिया गया।