दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
बेतिया।शहरी क्षेत्र के पांच से 10 किलो मीटर की दूरी पर अवस्थित पांच एकड़ जमीन की खरीद नप प्रशासन करेगा। सभापति गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि माननीय एनजेटी के आदेश के अनुसार कचरा प्रबंधन के बाद बचे हुए कचरे को गिराने के लिए लैंड फील साइट के लिए होने वाली इस खरीद से सम्बंधित जमीन आबादी से अलग व करीब 16 फ़ीट चौड़ी सड़क से जुड़ी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस जमीन की ख़रीदगी के बदले जिला निबंधन कार्यालय अथवा न्यूनतम बाजार दर से भुगतान विक्रेता के बैंक के माध्यम से किया जाएगा। सभापति गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि इससे सम्बन्धित निविदा जारी की जा चुकी है तथा अंतिम तिथि 03.09.2019 है। इसकी विस्तृत जानकारी नप कार्यालय के स्वच्छता सम्भाग में संजीव कुमार से प्राप्त की जा सकती है। सभापति ने कहा कि पूर्व में इसके लिए सरकारी जमीन की खोज हुई थी। दूसरे चरण में उक्त जमीन लीज पर लेने की पहल की गई। कामयाबी नहीं मिल पाने पर नगर विकास विभाग ने बाजार दर पर भुगतान कर के खुद से पांच एकड़ जमीन खरीदने का निर्देश दिया है। जिसके आलोक में निविदा जारी की गई है। कचरा प्रबंधन में कचरे से खाद बनना शुरू होने के बाद शहर की सूरत बदलने लगेगी तथा प्रबंधन शुरू करने के पहले ही जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।




Recent Comments