विजय कुमार शर्मा की रिपोर्ट:-
बगहा : एसपी राजीव रंजन ने सोमवार की देर शाम यूपी बिहार की सीमा बांसी में लगने वाले ऐतिहासिक नहान मेले का जायजा लिया। उन्होंने यूपी बिहार सीमा स्थित बांसी चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस के जवानों से पूछताछ करते हुए मेले में विशेष रूप से जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। एसपी राजीव रंजन ने मेले में निरीक्षण के दौरान मेले में लगे मिठाई की दुकान पर बने जलेबी एवं एक लोहार द्वारा बेचे जा रहे हसुएँ का रेट भी पूछा। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेला घूमते समय बचपन की याद आती है बचपन में हम भी मेला घूमने के दौरान मिठाई की दुकानों पर बने जलेबी का रेट पूछने के बाद खरीदारी करते थे। जिसके बाद एसपी ने बांसी नदी घाट का जायजा लिय। एसपी ने थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता को विशेष रूप से निर्देश देते हुए कहा कि यह बांसी नहान मेला यूपी बिहार के सीमा से जुड़ा हुआ है। सीमा के यूपी में शराब की दुकानें खोली गई है। मेले के दौरान विशेष नजर रखना है कि शराब का कारोबार करने वाले कारोबारी थाना क्षेत्र के बांसी मेले में शराब की बिक्री नहीं करें। साथ ही चेक पोस्ट पर तैनात जवानों को विशेष रूप से निर्देश दें कि यूपी के तरफ से शराब का सेवन कर अगर कोई व्यक्ति बिहार में प्रवेश करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करें। उन्होंने बांसी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए लगाए गए पंडाल एवं मंच पर विशेष निगरानी रखने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बनाए गए चेक पोस्ट पर पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवानों को तैनात रखें। ताकि बड़ा वाहन मेले के तरफ नहीं जा सके। वही पुलिस लाइन से भेजे गए महिला पुलिस के जवान एवं पुरुष पुलिस के जवानों को मेले में जगह-जगह सादे लिबास में तैनात रखें ताकि असामाजिक तत्वों जैसे लोगों पर पुलिस नजर रखेगी। निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर शशि शेखर चौहान, थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता,बीडीओ विनय कुमार सिंह,सीओ रंजीत कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मन्नू सिंह चंदेल, यशवंत प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू बाबू,सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, सहित पुलिस के जवान एवं मेला समिति के सदस्य शामिल रहे।




Recent Comments