File Photo

मढौरा (सारण)। थाना क्षेत्र के भलूही गांव में रविवार को दोपहर बाद खेल-खेल में एक बड़ा हादसा हो गया। पानी से भरे गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बच्ची अवनी कुमारी की मौत हो गई। मृतका गोविंदा कुमार यादव की बड़ी बेटी थी, जिसने हाल ही में आंगनबाड़ी केंद्र जाना शुरू किया था।
घटना के समय अवनी घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।