पर्यावरण संरक्षण मिशन, चिरांद विकास परिषद और गंगा समग्र के सदस्यों ने चलाया स्वच्छता अभियान, जनसहभागिता को बताया गंगा संरक्षण की कुंजी
डोरीगंज(सारण)। धार्मिक नगरी चिरांद स्थित जहाज घाट पर पर्यावरण संरक्षण मिशन छपरा, चिरांद विकास परिषद एवं गंगा समग्र के सदस्यों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाकर गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से लोगों को गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने तथा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति जागरूक किया गया।
    इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण मिशन के प्रमुख एवं शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि गंगा हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत की जननी हैं। गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और जीवन का आधार हैं। इनकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
    उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा घाटों पर कचरा, पॉलिथीन, पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट न फेंकें। पर्व-त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। जनसहभागिता से ही गंगा संरक्षण का संकल्प धरातल पर साकार हो सकता है।अभियान में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आरबी सिंह, स्वामी दिव्यात्मानंद जी महाराज, राशेश्वर सिंह, श्रीराम तिवारी, विजय राय, राजकिशोर प्रसाद मनीष कुमार सिंह, अविनाश कुमार, अविनाश सिंह, प्रीतम सोनी, राधे सिंह, सहित में कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।