
छपरा: भारत स्काउट और गाइड, सारण के तत्वावधान में सेंट्रल पब्लिक स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिविर में जिले के 20 प्रखंडों से आए लगभग 250 स्काउट और गाइड कैडेटों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल ग्रुप के चेयरमैन सह उपाध्यक्ष डॉ. हरेंद्र सिंह, जिला मुख्य आयुक्त हरेंद्र प्रसाद सिंह और जिला संगठन आयुक्त अमन राज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का समापन रंगारंग प्रस्तुतियों और कैडेटों के अनुभव साझा करने के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।




Recent Comments