भेल्दी (सारण): छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर रायपुरा बाईपास के समीप गुरुवार को गौ रक्षकों ने गौ तस्करी के बड़े खेल का खुलासा किया। दो पिकअप वैन पर अमानवीय तरीके से लादकर ले जाए जा रहे 16 गायों और 11 बछड़ों को स्थानीय लोगों व गौ रक्षकों की मदद से पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर छपरा की ओर से दो पिकअप वैन मवेशियों को लादकर मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थीं। शक होने पर गौ रक्षकों ने पीछा कर रायपुरा बाईपास के पास वाहन को रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक और अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। वैन में मवेशियों को बेहद क्रूरता और बेरहमी से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिनके लिए दाना-पानी का कोई इंतजाम नहीं था। लगातार बारिश के कारण भींगे सभी मवेशी ठंड से कांप रहे थे। गुस्साई भीड़ ने तुरंत बछड़ों की रस्सियां काटकर उनकी जान बचाई।

सूचना मिलते ही भेल्दी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पिकअप वैन समेत सभी मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है, और पुलिस फरार चालकों की पहचान व तलाश में जुटी है।