बारात में हंगामा कर रहे दो युवक कट्टे के साथ गिरफ्तार

पानापुर (सारण ) थाना क्षेत्र के रसौली पश्चिम टोले म आयी एक बारात में आरकेस्ट्रा के दौरान असलहा लहराते हुए हुड़दंग मचा रहे दो युवको को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार युवक उसी गांव के विकास कुमार सिंह एवं रीतेश कुमार बताए जाते हैं । मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात रसौली पश्चिम टोला निवासी दशरथ महतो की पुत्री की बारात  आयी  थी । द्वारपूजा के बाद बारात  गांव के कचहरी भवन में  ठहरी थी । इसी बीच वहां विकास एवं रीतेश पहुँच गये एवं फरमाईसी गीत बजाने का दबाव बनाने लगे ।  बारातियों  द्वारा विरोध किए जाने पर वे हाथ में कट्टा लहराते हुए स्टेज पर चढ़ गए एवं नर्तकियों के साथ अभद्रता करने लगे । इसी बीच किसी ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी । सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुँचे  एवं दोनों को कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया । प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर दोनो को जेल भेजा जा रहा है ।