परवेज अख्तर/सीवान। बसंतपुर थाना क्षेत्र के मलमलिया-महम्मदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 331 पर खोरीपाकर बाजार के समीप मंगलवार की शाम करीब तीन बजे हथियारबंद छह बदमाशों ने आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। सभी बदमाश मुंह में नकाब पहने हुए थे। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने पांच राउंड हवाई फायरिंग भी की।सूचना मिलते ही महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जांच को पहुंचे। वहीं थोड़ी देर में एसपी विक्रम सिहाग भी जांच को पहुंचे और टीम गठित कर छापेमारी के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार बसंतपुर निवासी अजय कुमार व विजय कुमार की बसंतपुर व खोरीपाकर में आभूषण दुकान है। मंगलवार को खोरीपाकर वाली दुकान में विजय का पुत्र सुमित मौजूद था। दोपहर बाद करीब तीन बजे दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद बदमाश दुकान पर पहुंचे। उस समय पुलिस की गश्त टीम भी बाजार पर ही थी। दुकान पर पहुंचे बदमाश मास्क व नकाब पहने थे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए चार से पांच राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद दुकान में रखे सोने व चांदी के गहनों को बोरे में रखा। साथ ही बिक्री के एक लाख से अधिक रुपये ले लिए। अजय कुमार ने बताया कि एक गोली निशाना चुकने के बाद एक बदमाश के पैर में ही जा लगी। बदमाशों ने दुकान से की गई फायरिंग के बाद खोखा भी उठा लिया। जबकि सड़क पर गिरे दो खोखे पुलिस ने बरामद किए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी विक्रम सिहाग व महाराजगंज एसडीपीओ अमन भी घटनास्थल पर पहुंच छानबीन में जुटे रहे।दिनदहाड़े हुई घटना के बाद खोरीपाकर सहित आसपास के बाजारों में दहशत की स्थिति है।