बरसाती नदी में केले की नाव बनाकर जल क्रीड़ा कर रहे एक किशोर की डूबने से मौत

मांझी (सारण)। मंगलवार को गांव के बगल में बहने वाली बरसाती नदी में केले की नाव बनाकर जल क्रीड़ा करना तीन दोस्तों को महंगा पड़ा। कथित केले की नाव से गिरकर डूबने से एक किशोर की मौत हो गई जबकि दो अन्य दोस्तों को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर सकुशल बाहर निकाल लिया। घण्टे भर में डूबे किशोर का शव ग्रामीणों ने बरामद कर लिया। बाद में शव को पीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अजित साह 15 वर्ष कबीर पार गांव निवासी जगलाल साह का पुत्र बताया जाता है। ग्रामीणों ने जिन किशोरों को डूबने से बचा लिया वे संदीप साह तथा बीजू महतो घटना के बाद से हतप्रभ थे। घटना की खबर पाकर पीएचसी पहुंचे सीओ दिलीप कुमार थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा मुखिया अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतक को समुचित अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की।
मृतक का पिता जगलाल साह बीस वर्षों पूर्व अपराध कर्मियों के हमले में घायल होकर विकलांग का अभिशप्त जीवन गुजार रहा है। एक गुमटी के सहारे पति पत्नी दो अविवाहित पुत्रों व एक पुत्री का भरण पोषण करता है। मृतक की तीन बहनों की शादी हो चुकी हैं।