प्रायोगिक परीक्षा में बेहतर अंक दिलाने का झांसा देकर अवैध वसूली का वायरल वीडियो की बीईओ ने की जांच

माँझी(सारण)। इंटर की प्रायोगिक परीक्षा में बेहतर अंक दिलाये जाने का झांसा देकर मांझी इंटर कॉलेज के छात्रों से कथित तौर पर पांच पांच सौ रुपये की अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मांझी के बीईओ दिवाकर सिंह ने शिकायत की जांच की। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के निर्देश पर जांच करने पहुंचें बीईओ ने परीक्षार्थियों से पूछताछ की तथा आरोप के मद्देनजर अपनी रिपोर्ट से जिला शिक्षा प्रशासन को अवगत करा दिया। वायरल वीडीओ में मांझी इंटर कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी में तैनात एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर मन माफिक अंक दिलाये जाने के नाम पर क्रमशः प्रति छात्र पांच पांच सौ रुपये की मांग की जा रही है। वायरल बीडीओ में विरोध करने वाले छात्रों को धमकाए जाने का भी जिक्र है। मिली जानकारी के अनुसार छात्रों ने जांच के क्रम में अवैध वसूली की बात स्वीकार की है। इस सम्बंध में पूछे जाने पर प्राचार्य सत्य प्रसाद प्रसाद ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया है। मालूम हो कि मांझी के जदयू नेता निरंजन सिंह ने वायरल बीडीओ मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की जिला शिक्षा प्रशासन से मांग की थी।