पानी में डूबने से फर्नीचर मिस्त्री की हुई मौत
इसुआपुर(सारण) :थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव निवासी 81 वर्षीय काठ मिस्त्री बिक्रमा शर्मा की मौत शुक्रवार की सुबह पानी में डूबने से हो गई। वे सुबह घर से शौच करने निकले थे तथा समय से घर नहीं लौटे थे। जिसके बाद परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। इस दौरान गांव की सीमा से गुजरने वाली गेहूंआ नदी में मृत अवस्था में उनकी लाश मिली। जिसके बाद परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। वहीं घटना की सूचना स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र सिंह ने इसुआपुर पुलिस तथा अंचलाधकारी को दी। जिसके बाद अंचल कर्मी तथा इसुआपुर पुलिस ने वहां पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दिया। वहीं पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। स्वभाव से मृदुभाषी तथा कर्तव्यनिष्ठ काठ मिस्त्री की अकाल मृत्यु सुनकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जन प्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर मिस्त्री के पार्थिव शरीर पर फूलमाला चढ़ाकर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों का ढाढस बंधाया। इस मौके पर रिटायर्ड शिक्षक रामजी राम, रामनाथ सिंह, वशिष्ट बाबा, किशोरजी कुशवाहा, सुरेश शर्मा, अमीर साह, इमदाद अली, रमेश प्रसाद सिंह, अजीत शर्मा, योगेंद्र साह व अन्य थे।




Recent Comments