प्रधान सचिव ने हरी झंडी दिखाकर किया रथ को रवाना
जमुई ।( संजीव कुमार सिंह)
जल जीवन हरियाली अभियान, मानव श्रृंखला, बाल विवाह निषेध तथा शराबबंदी के जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से राज्य सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह और जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । मौके पर जानकारी देते हुए डीएम श्री कुमार ने बताया कि इस रथ के माध्यम से जिले के अलग-अलग प्रखंड के पंचायत के लोगों को जल जीवन हरियाली अभियान, 19 जनवरी को बनने वाले मानव श्रृंखला, बाल विवाह निषेध और शराबबंदी को लेकर वीडियो तथा ऑडियो फिल्म के माध्यम से जागरूक किया जाएगा । उन्होंने कहा कि इस दौरान कला जत्था के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत करके लोगों को इन सभी मुद्दों के बारे में जागरूक किया जाएगा । इस रथ को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राज्य सरकार के द्वारा भेजा गया है । इस रथ के माध्यम से सभी प्रखंड के चार से पांच गांवों में लोगों को जागरूक किया जाएगा । इस दौरान 45 जगहों पर रथ के माध्यम से लोगों को जागृति प्रदान करने के लिए कार्यक्रम किया जाएगा । इस कार्यक्रम का उद्देश्य है इन सभी विषयों पर लोगों को जागरूक करना और उन्हें सरकार के द्वारा इन सभी विषयों पर चलाए जा रहे कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी प्रदान करना । मौके पर प्रभारी अपर जनसंपर्क पदाधिकारी भीम शर्मा मौजूद थे ।




Recent Comments