
पानापुर से सुबह में लापता किशोर तरवरा मोड़ पर मिला
पानापुर (सारण) : भोरहां निवासी राजेश राय का 13 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार रोज की तरह सुबह चार बजे गांव के चंवर में शौच के लिए गया। उसके बाद वह गायब हो गया। परिजनों को लगा कि वह शौच से आने के बाद ट्यूशन चला गया होगा। क्योंकि घर के लोग ठंड होने के कारण देर तक सो रहे थे। लेकिन ट्यूशन से जब उसके सहपाठी लौट आये, और वह नहीं आया। तब परिजन परेशान हुए। परिजनों ने आनंद के दोस्तों से पूछा कि वह ट्यूशन से अभी तक क्यों नहीं आया। जिस पर सहपाठियों ने बताया कि आज आनंद तो ट्यूशन ही नहीं गया है। फिर लड़के की खोजबीन शुरू हुई। इसी दौरान सुबह दस बजे एक अनजान नम्बर से राजेश राय के मोबाईल पर फोन आया। जब राजेश राय ने फोन उठाया तो उधर से आनंद बोला कि मैं सीवान हूं। आप जल्दी आकर मुझे घर ले चलिए। लड़के की घबराहट देख पिता ने मोबाईल वाले से बात की। उस आदमी ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि हम सीवान जिले के तरवारा मोड़ से बोल रहे हैं। बच्चा सही सलामत है। आपलोग आकर ले जाइये। मंगलवार की शाम आनंद कुमार अपने परिजनों के साथ घर पहुंचे। घर पहुंचते ही किशोर को देख महिलाएं फफक-फफक कर रोने लगी।




Recent Comments