पागल बंदर के हमले से किसी का पैर तो किसी का टूटा हाथ, पकड़ने में प्रशासन नहीं दे रहा साथ !
मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर बाजार पर एक पागल बन्दर ने जबर्दस्त आतंक फैला रखा है। पिछले एक सप्ताह में उक्त पागल बन्दर ने एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया है। वह बन्दर खासकर बाइक सवार लोगों को हमले का शिकार बना रहा है। बन्दर जब निकलता है तो लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं। धार्मिक आख्यानों से जुड़ी अनहोनी से आशंकित तथा वन विभाग के कानूनी पचड़े को लेकर लोग बन्दर को मारने से परहेज कर रहे हैं। शुक्रवार को बन्दर ने राजेश कुमार साहनी नामक राहगीर को बुरी तरह जख्मी कर दिया। जिसका इलाज चल रहा है। इससे पहले उक्त बन्दर के हमले में गिरने से रमाशंकर गोंड का पैर तथा बिजय गिरी का हाथ टूट गया। इसके अलावा ददन महतो डॉ सुरेश सिंह केदार साह सुनील सिंह सहित एक दर्जन से अधिक लोग बन्दर के हमले का शिकार होकर अपना इलाज करा रहे हैं। ताजपुर के मुखिया सुरेंद्र सिंह तथा पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह ने बताया कि बन्दर के आतंक से मुक्ति दिलाने की गुहार पर प्रशासन खासकर वन विभाग खमोश है। यदि बन्दर के आतंक से लोगों को शीघ्र मुक्ति नही दिलाई गई तो ताजपुर के लोग आंदोलन करेंगे।