मढ़ौरा (सारण ) । स्थानीय पी पी इन्टर कालेज परिसर में गुरुवार को पत्रकार गुड्डु राय और पूर्व विधायक अभय राजकिशोर राय के निधन पर भाकपा द्वारा कोविड गाइड लाइन के सामाजिक दूरी का पालन करते हुये शोक सभा का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गयी । शोक सभा को संबोधित करते हुये भाकपा जिला सचिव रामबाबू सिंह ने कहा कि पत्रकार गुड्डु राय की पत्रकारिता जनशक्ति अखबार से शुरू हुयी थी । उसके बाद प्रभात खबर और दैनिक जागरण में काम करने के बाद स्वतंत्र रूप से संजीवनी समाचार के ब्यूरो चीफ के रूप में अपनी पहचान स्थापित किया था । उनके पिता कन्हैया राय एक स्थापित कम्युनिस्ट नेता हैं जिनके पुत्र गुड्डु राय भी आजीवन कम्युनिस्ट कार्यकर्ता और एक सक्रिय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर हमें छोड गये । वहीं प्रो रजाक हुसैन ने जलालपुर के पूर्व भाकपा विधायक अभय राजकिशोर को श्रद्धांजलि देते हुये कहा कि अभय राजकिशोर जलालपुर में एक युग प्रवर्तक के रूप में सदा याद किये जाएंगे । वे जिले के पहले वामपंथी विधायक थे । गरीब गुरबों शोषित दलित पिछडो को एकजुट करने में उनकी भूमिका को लोग भुला नहीं पाएंगे । अंत में दो मिनट का मौन रख कर दोनों दिवंगतो के प्रति शोक व्यक्त किया गया ।शोक सभा में किसान नेता भरत राय, जमादार राय, विजय राय, संजीत कुमार सिंह संजय सिंह ‘आदि उपस्थित थे । अध्यक्षता पत्रकार भूपेश भीम ने किया ।