पंचायत सरकार भवन में चार दिनों के अंदर शुरू होगा कार्य
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के जीरादेई प्रखंड में तीन पंचायत सरकार भवन लगभग एक साल से बनकर तैयार है। लेकिन, भवन में कोई कार्य नहीं होता है। हिंदुस्तान अखबार ने पंचायत सरकार भवन बनने वाली खबर को प्रमुखता से छापा था। खबर छपने के बाद बीडीओ सुनील कुमार ने तीनों पंचायत भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चार दिन के अंदर प्रखंड के तितरा, चंदौली गंगौली व गरार पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन कराने व उस भवन से कार्य निष्पादन करने का निर्णय लिया। बीडीओ ने बताया कि चार दिनों के अंदर प्रखंड के तीनों पंचायत सरकार भवन में कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। तीनों पंचायत सरकार भवन में फर्नीचर का सामान पहुंच गया है। एक दो दिन में इलेक्ट्रिक की व्यवस्था ठीक कर उद्घाटन कर दिया जाएगा। पंचायत सरकार भवन के उद्घाटन की खबर मिलने से आमलोगों में काफी खुशी है। तितरा पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड व अंचल से जुड़े कार्यों के लिए अब जीरादेई की लंबी दूरी तय कर प्रखंड मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सरकार भवन में कार्य शुरू होने से काफी सहूलियत मिलेगी। चंदौली गंगौली तथा गरार के लोगों ने बताया कि हिन्दुस्तान अखबार में छपी खबर रंग लाई। अधिकारियों ने खबर छपते ही संज्ञान लिया और जल्द ही पंचायत सरकार भवन के उद्घाटन की घोषणा कर दी है।