तरैया, सारण। थाना क्षेत्र के डीह छपिया गांव में दो लाख रुपये और कार के लिए एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़िता उक्त गांव निवासी मंटू कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी ने तरैया थाने में ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि गत वर्ष उसकी शादी मंटू कुमार के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ महीनों तक ससुराल वाले एवं उसके पति उसके साथ अच्छा बर्ताव करते रहें, लेकिन कुछ महीनों के बाद उसके पति मंटू कुमार, ससुर रामनाथ मांझी, सास एवं भसुर संटू मांझी एवं उनकी पत्नी गुड़िया देवी कहने लगें कि तुम अपने पिता से दो लाख रुपये एवं कार मांगों। जब वह बोली कि उनके पिता के पास जितना पैसा था सब उनकी शादी में खर्च कर दिए अब उनके पास पैसा नहीं है। उसी के बाद सभी लोग प्रतिदिन उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करना शुरू कर दिए। तथा सभी लोग मिलकर एक दिन उन्हें मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। तभी से वह अपने मायके पिता के घर रह रही हैं। उनके पिता द्वारा कई बार ससुराल वालों से बात किया गया लेकिन वे लोग तैयार नहीं हुए तथा जल्दी पैसा और कार नहीं देने पर दूसरी शादी करने की बात कहने लगें। वहीं नही मेरे पति दूसरी शादी की तैयारी भी कर लिए है, जिसमें ससुराल पक्ष के सभी लोगों का समर्थन हैं। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।