मांझी(सारण)। दाउदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर शाम 100 लीटर देशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया एवं उसकी साइकिल जप्त कर ली। गिरफ्तार युवक दाउदपुर चट्टी का ही गुदरी चौधरी का पुत्र अच्छे लाल चौधरी है। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि दाउदपुर चट्टी पर एक धंधेबाज देशी शराब की सप्लाई करने आने वाला है। जिसके आधार पर पुअनि. नवलकिशोर सिंह सअनि. अशोक कुमार व कुछ सिपाही के साथ गश्ती व वाहन जांच करते हुए पुलिस वाहन से दाउदपुर चट्टी पर पहुंचे। तभी साइकिल से आते एक युवक पर नजर पड़ी। उसकी साइकिल के पीछे एक बोरी व दोनों हैंडल में झोले लटके हुए थी। उसकी नजर पुलिस पर पड़ते हीं भागने लगा। जिसे खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया गया। जब जांच की गई तो बोरी से 50 लीटर व दोनों झोले से 50 लीटर शराब बरामद किया गया। उसके बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।