मांझी। मांझी प्रखंड के चंदउपुर स्थित काली मंदिर परिसर में दुर्गापुजा को लेकर ग्रामीण पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य कलश-यात्रा निकाली गई। रंग-बिरेंगे परिधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष व बच्चे ताजपुर, फुलवरिया आदि गाँवों से होते हुए सरयू नदी के डूमाईगढ़ घाट पर पहुंचे। जहां से आचार्य अमित तिवारी के देख-रेख में पूर्ण विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु भक्तों ने कलश में पवित्र जल लेकर जयकारा लगाते हुए अनुष्ठान स्थल पर रवाना हुए। जिससे माहौल भक्तिमय बन गया। पूजा के मुख्य यजमान धनंजय सिंह व सुषमा देवी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं कोरोना काल को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। पूजा का आयोजन समस्त ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है।