चोरी की घटना को अंजाम देने के फिराक में थे तीनों युवक

दैनिक खोज खबर/दिघवारा।थाना क्षेत्र के मधुकॉन चौक के समीप शनिवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर बाइक से चोरी की घटना को अंजाम देने जा रहे तीन युवकों में से दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के डोरीगंज निवासी महबूब आलम के पुत्र मुन्ना अली तथा अजय चौहान के पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। वहीं फरार युवक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के चिरांद निवासी अजीत उर्फ छःअंगुरिया के रूप में की गई है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को छपरा-हाजीपुर मुख्य सड़क मार्ग पर मधुकॉन चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रही एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर भागने लगे।

संदेह होने पर पुलिस बल ने खदेड़कर बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक फरार होने में सफल रहा। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है और वे इसी बाइक से अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देने जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।