दस्त नियंत्रण पखवाड़ा अब 13 अगस्त तक 

  • 36 हजार ओआरएस पैकेट का हो चुका वितरण, समयावधि बढ़ी 

वैशाली। 27 जुलाई

डायरिया से बचाव के लिए जिले में चलाए जा रहे दस्त नियंत्रण पखवाड़ा लोगों को डायरिया पर जागरूक तो कर ही रहा है,  ओआरएस  पैकेट का वितरण भी खूब किया जा  रहा है। जिले मे अभी तक कुल 36 हजार ओआरएस के पैकेट का वितरण हो चुका है। जिले में कुल 2 लाख 82 हजार 59 ओआरएस के पैकेट का वितरण होना है। डीसीएम निभा कुमारी सिन्हा ने बताया कि 15 जुलाई को दस्त नियंत्रण पखवाड़े की शुरूआत हुई थी जिसे 30 जुलाई तक चलाना था।

अगले दो सप्ताह तक बढ़ी तिथि-

डीसीएम निभा कुमारी सिन्हा ने बताया कि दस्त नियंत्रण पखवाड़े को 30 जुलाई के बाद भी दो सप्ताह (13 अगस्त तक) के लिए बढ़ाया गया है। जिससे शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति की जा सके। दस्त नियंत्रण पखवाड़े में आशा कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य को पूरा किया जा रहा है।

पांच वर्ष तक के बच्चों को किया गया है लक्षित-

निभा सिन्हा ने बताया कि दस्त नियंत्रण पखवाड़ा के दौरान जिले के सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को लक्षित किया गया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रो, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों, शहरी झुग्गी-झोपड़ी, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के परिवार, ईंट-भट्ठे के निर्माण वाले क्षेत्र, अनाथालय और ऐसे चिह्नित क्षेत्र जहां दो तीन वर्ष पूर्व तक दस्त के मामले अधिक पाये गये हों, छोटे गांव व टोले जहां साफ सफाई और पानी की आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी हो, ऐसी जगहों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में रखा गया है।

जिंक टेबलेट का भी वितरण-

डीसीएम ने बताया कि सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का लक्ष्य जिले के  5 वर्ष तक के बच्चे तक ओआरएस पैकेट पहुंचाना भी है । साथ ही डायरिया से बचाव को लेकर ओआरएस और जिंक टेबलेट देने लिए प्रेरित करने के साथ टेबलेट दिया भी जा रहा है।