दैनिक खोज खबर/छपरा। प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से सदर प्रखंड के निकट स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने वेयरहाउस का सील खोल कर आंतरिक जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने ईवीएम का इन्वेंट्री रजिस्टर का अवलोकन करते हुए वेयरहाउस में भंडारित मशीनों का स्टॉक देखा. अधिकारी द्वय ने परिसर में प्रवेश व्यवस्था, ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और व्यवस्था की गहन समीक्षा की. निरीक्षण के समय ईवीएम मशीनों की सुरक्षा से संबंधित सभी प्रावधानों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में अभी रेडी टू यूज मशीनों को भंडारित किया गया है. इसलिए उसकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. मशीनों को मानक के अनुरूप डबल लॉक सिस्टम में सील्ड अवस्था में रखा जाएगा. निरीक्षण के क्रम में परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, नियंत्रण कक्ष की निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की स्थिति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली गयी. अधिकारियों ने चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था को सक्रिय बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि के नियमित अभिलेखों लॉग बुक के संधारण आदि पर जोर दिया. सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने का स्पष्ट निर्देश दिया गया. इस अवसर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, जदयू के जिलाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, भाजपा के मीडिया प्रभारी राधाकृष्ण मिश्रा, सीपीआईएमएल के दीपांकर कुमार मिश्रा समेत जयप्रकाश यादव, ओमप्रकाश शर्मा आदि उपस्थित थे.