दैनिक खोज ख़बर/छपरा(सारण)। जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले में प्रतिदिन की औसत खपत से कहीं अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को तय अंतराल पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शिवकुमार पंडित ने सोमवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को रसोई गैस से संबंधित किसी भी तरह की समस्या हो तो वह जिला आपूर्ति नियंत्रण कक्ष में संपर्क कर सकता है। इसके लिए दूरभाष संख्या 06152-245023 जारी की गई है। जिला आपूर्ति नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक क्रियाशील रहेगा, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकते हैं।