तरैया, सारण। थाना क्षेत्र उसरी बाजार के समीप ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार एक निजी चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल चिकित्सक भलुआ शंकरडीह गांव निवासी डॉ उदय प्रताप सिंह उर्फ मंटू सिंह बताए जाते हैं। जनाकारी के अनुसार चिकित्सक मठिया बाजार एवं उसरी बाजार पर अपना निजी क्लिनिक संचालित करते हैं। सोमवार की सुबह में वह अपने मठिया बाजार स्थित क्लिनिक से मकुंदपुर के रास्ते उसरी बाजार स्थित क्लिनिक पर जा रहे थे तभी उसरी बाजार के समीप तीन मुहानी पर तरैया की तरफ से आ रही एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें घायलावस्था में रेफरल अस्पताल तरैया में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीरावस्था में पटना रेफर कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ था। वही चिकित्सक की दुर्घटना की सूचना पाकर रेफरल अस्पताल एवं तरैया थाने परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हुए थी। इधर समाचार प्रेषण तक पुलिस मामले में जांच कर आगें की कार्रवाई में जुटी हुई थी।