
दैनिक खोज खबर/दरियापुर (सारण)। डेरनी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डेरनी बाजार स्थित मां विधा ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण व नकदी की चोरी कर ली। घटना से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। दुकान के प्रोप्राइटर भूपेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 6 किलो चांदी, 50 ग्राम सोना तथा 20,500 रुपये नकद गायब पाए गए। सूचना मिलते ही डेरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरी के बाद चोर सामान लेकर फरार हो गए। बाद में लोहछा से पुरदिलपुर जाने वाली सड़क मार्ग के किनारे एक बगीचे में गहनों के रेपर व पैकेट बिखरे मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने वहीं सामान छांटकर कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, हालांकि अब तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। लगातार हो रही चोरी से व्यापारियों में आक्रोश
क्षेत्र में पिछले एक वर्ष के दौरान चोरी की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। जनवरी 2025 में सूतीहार स्थित शिवम ज्वेलर्स से नकदी सहित 15 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। इसके बाद फरवरी 2025 में डेरनी बाजार के अमित ज्वेलर्स को भी चोरों ने निशाना बनाया था। वहीं इसी वर्ष सूतीहार बाजार स्थित एसबीआई एटीएम को काटकर चोर करीब 24 लाख रुपये ले उड़े थे। व्यापारियों का आरोप है कि अब तक हुई किसी भी बड़ी चोरी का पुलिस उद्भेदन नहीं कर सकी है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




Recent Comments