दैनिक खोज खबर/नगरा (सारण)।गौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा मिडिल स्कूल के समीप मंगलवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में बनियापुर थाना क्षेत्र के हरपुर कराह गांव के दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत चिंताजनक बनी हुई है.बताया जाता है कि हरपुर कराह निवासी दोनों भाई अपने घर में होने वाली शादी की तैयारियों के सिलसिले में बाइक से किसी काम से जा रहे थे.इसी दौरान गौरा मिडिल स्कूल के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक सड़क पर गिरे बालू पर फिसल गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना की सूचना मिलते ही गौरा थाना की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा अस्पताल पहुंचाया.जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अनु सिंह ने प्राथमिक उपचार किया.हालत नाजुक होने के कारण एक को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.घायलों में स्व. बैद्यनाथ सिंह के 60 वर्षीय पुत्र भिरगू नाथ शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.वहीं उनके भाई 50 वर्षीय बीरबहादुर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे शादी वाले घर में मातम पसर गया.घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर गिरे बालू के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं,पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.