
दैनिक खोज खबर /जलालपुर(सारण)। प्रखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बहुप्रतीक्षित आधार सेवा का शुभारंभ बुधवार को जलालपुर बाजार उप डाकघर में कर दिया गया। अब जलालपुर प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधार कार्ड बनवाने, आधार में नाम, पता एवं अन्य सुधार कराने, मोबाइल नंबर जोड़ने तथा पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने जैसे कार्यों के लिए छपरा अथवा नगरा का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
अब ये सभी आधार संबंधी सेवाएं जलालपुर बाजार उप डाकघर में ही उपलब्ध होंगी, जिससे आम लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
बताया जाता है कि जलालपुर बाजार उप डाकघर में आधार सेवा शुरू करने की मांग भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश्वर कुंवर ने पिछले फरवरी माह में आयोजित एकमा डाक मेला के दौरान डाक महाध्यक्ष, उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर के समक्ष उठाई थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी इस मांग को गंभीरता से लिया था।
डाक महाध्यक्ष पवन कुमार सिंह के निर्देश पर आज से उप डाकघर, जलालपुर बाजार में आधार सेवा का विधिवत संचालन प्रारंभ हो गया।
इस अवसर पर उप डाकपाल सुनील कुमार सिंह, राहुल ठाकुर, बिनोद गोंड, सूरज पासवान, नगनारायण सिंह, सनत तिवारी, वीरेंद्र यादव, अमितांशु भूषण मिश्र, मनोज मिश्र सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि आधार सेवा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच और आसान होगी।




Recent Comments