● मशरक में बाजार की सड़कों पर जलजमाव को लेकर परेशान ग्रामीणों ने पानी निकाल जताया मौन विरोध

मशरक (सारण)। जनता लाचार और नगर पंचायत प्रशासन बीमार कुछ यही हाल है मशरक नगर पंचायत के स्टेशन रोड के मुख्य सड़क का। स्टेशन रोड वासियों का दुर्भाग्य कहें या फिर आश्वासन पर जिंदा रखने की रहनुमाओं व अधिकारियों की कला की, लोगों को अब तक जलजमाव की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पाई है जो कई वर्षों से नासूर बन चुकी है। जलजमाव की समस्या पर किसी का भी ध्यान अभी तक नहीं जा पा रहा है। प्रशासनिक लापरवाही एवं जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण जलजमाव की समस्या स्टेशन रोड की पहचान बन चुकी है। नाले का अभाव सड़कों पर जलजमाव को लेकर बाजार वासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार की सुबह स्टेशन रोड में कुशवाहा मार्केट के पास सड़कों पर जलजमाव को लेकर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध मौन नाराजगी जाहिर करते हुए सड़कों पर जमा पानी को निजी मोटर पंप के सहारे निकाला गया। आपकों बता दें कि स्टेशन रोड जो पुरानी रेलवे स्टेशन से डाक-बंगला चौक तक हैं जहा लगभग सालों भर सड़क पर जलजमाव रहती हैं इसी इलाके में घनी आबादी भी है। इसी इलाके में सरकारी बैंक, निजी बहुचर्चित क्लिनिक, कार्यालय और मुख्य बाजार है। जहां प्रतिदिन हजारों गाड़ियों समेत लोगों का आना जाना लगा रहता है। अधिक वर्षा के कारण लोगों के घरों में भी गंदा पानी का प्रवेश हो जाना आम बात है। बाजार में सड़क निर्माण के तहत पक्की सड़क का निर्माण तो हुआ पर जल निकासी का प्रबंध नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय बाजार के लोग बताते हैं कि हम सभी बाजार वाले परेशान हैं वर्षों से पंचायत से लेकर प्रखंड का चक्कर लगाने के बाद अश्वासन तो मिलता रहा पर धरातल पर कुछ नहीं हुआ। जब सरकार ने नगर पंचायत में शामिल किया तो लगा कि सुविधाएं बढ़ेगी पर वे ठगे महसूस हो रहें हैं। नगर पंचायत की सेवाएं भी अब सिर्फ दिखावे के लिए होती है। और साफ सफाई के नाम पर सरकार से मोटी रकम खर्च हो रही है। और काम तेरह बाइस जैसे हो रही है।