गैंगरेप @एकमा : अधर में करीब 500 बच्चों का भविष्य, कलंकित हुई एकमा की माटी
विनीत कुमार, एकमा
सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ में जिस दीपेश्वर बाल निकेतन में गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है उसके बाद इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं का भविष्य पुरे तरह से अंधकारमय दिख रहा है। परसागढ़ के इस दीपेश्वर बाल निकेतन में करीब 500 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। विद्यालय मे गैंगरेप जैसी संगीन वारदात के बाद यह तय है कि इस विद्यालय में ताला लटक जाएगा।
इस विद्यालय का निबंधन था या नही इस बारे में भी कोई खुल कर बता नही रहा है।
अपने भविष्य को लेकर इस विद्यालय के बच्चे भी आशंकित हैं। आगे क्या होगा, बच्चों को क्या करना चाहिए यह बताने वाला भी कोई नही है। रविवार को जब हम इस विद्यालय के पास पहुचे तो यहाँ इसी दीपेश्वर बाल निकेतन में पढ़नेवाले कुछ बच्चे मिले। बड़ी बड़ी ओबी वैन, मीडिया कर्मी और पुलिस की गाड़ियों की आवजाही रविवार को कुछ कम रही। ऐसे में ये बच्चे यहां देखने आए थे कि आगे क्या हो रहा है। उनके भविष्य पर मंडराता बादल कब तक छंटेगा। यह बादल छंटेगा भी या नही। दीपेश्वर बाल निकेतन खुलेगा या फिर इन बच्चों को किसी दूसरे विद्यालय में दाखिला लेना होगा।
बहुत से सवाल इन बच्चों के मन मे थे जिसका जवाब तलाशने वो अपने दीपेश्वर बाल निकेतन में आये थे। मगर विद्यालय में अब भी ताला लटका था।

इसी विद्यालय में पढ़ रहे जब एक बच्चे से हमने बात की तो उसने बताया कि यह सब सुनकर हम सब अचरज में हैं। विद्यालय में ऐसा हो सकता है कभी सोचा नही था। अब भी इन सब बातों पर विश्वास नही हो रहा।
वही एक लड़की जो इसी विद्यालय में पढ़ रही है उसने बताया कि प्रिंसिपल सर को फंसाया जा रहा है वो ऐसे नही थे।
कलंकित हुई एकमा की माटी
—-
परसागढ़ के दीपेश्वर बाल निकेतन में गैंगरेप की वारदात के खुलासे के बाद एकमा की माटी कलंकित हो गयी है।
एकमा थाना क्षेत्र में ऐसी शर्मनाक वारदात होने के बाद एकमा समेत सारण जिले की बदनामी सूबे समेत पुरे देश मे हो रही है।
हालांकि दबे जुबान ही सही लेकिन स्थानीय लोग अब यह मानने लगे है कि सब कुछ वैसा नही है जैसा पहले दिन था लेकिन फिर भी एकमा की मिट्टी पर एक कलंक कथा जो लिखी जा चुकी है जिसे अब मिटाया नही जा सकेगा।
परसागढ़ जो राहुल सांकृत्यायन की कर्मभूमि रही है। सारण के गौरव से देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद का नाम जुड़ा है ऐसे में सारण की धरती पर ऐसे घृणित वारदात के होने से लोग शर्मिंदा हैं।
एकमा समेत परसागढ़ के लोगों को पुलिस समेत सारण एसपी हरकिशोर राय पर पुरा भरोसा है।लोगों को भरोसा है कि पुलिस जल्दी ही दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।
मेरे पति को फंसाया जा रहा है, घर मे आग लगाने की मिली धमकी
रविवार को चलते चलते जब हम इस गैंगरेप में अभियुक्त बनाये गए आरोपी प्रिंसिपल उदय कुमार उर्फ मुकुंद जी के घर गए तो यहाँ उनकी पत्नी मिली। उनका कहना था कि उनके पति को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लड़की गैंगरेप का इल्जाम लगा रही है उसके पिता खुद ही क्रिमिनल है जो हाल ही में जेल से छूटकर आये हैं। सबने बहुत सोंच समझकर यह इल्जाम लगाया है और मेरे पति व बेटे को फंसाया है।
बहरहाल इस पूरे मामले का सच जो भी हो वह तो आनेवाले समय मे सामने आएगा मगर इतना तय है कि एकमा की इस गैंगरेप को सुलझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। वहीं इस घटना से एकमा समेत सारण जिले की बदनामी देश स्तर पर हो रही है।




Recent Comments