◆ यज्ञ एक विशिष्ट वैज्ञानिक व आध्यात्मिक प्रक्रिया है- आचार्य

तरैया, सारण। प्रखंड के सरेया रत्नकार पंचायत के गवन्द्री गांव में सोमवार को संगीतमय अखंड मानस पाठ प्रारम्भ हुआ। गवन्द्री गांव निवासी अमीन आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री सिंह ने सपत्निक के साथ पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की। आचार्य पंडित हरिवंश दुबे के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना हुई एवं संगीतमय मानस पाठ प्रारम्भ हुआ। आचार्य श्री दुबे ने कहा यज्ञ एक विशिष्ट वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है, जिसके द्वारा मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है। यज्ञ के जरिये आध्यात्मिक संपदा की भी प्राप्ति होती है। श्रीमद्भागवत् गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने यज्ञ करने वालों को परमगति की प्राप्ति की बात की है। संगीतमय मानस पाठ प्रारम्भ होने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों गायन मंडली, पंचायत प्रतिनिधि, समाज सेवी, शिक्षक, चिकित्सक व अन्य गणमान्य लोगों का तांता लगा रहा। संगीतमय मानस पाठ की चर्चा चौक चौराहों पर हो रही है। मौके पर कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।