गड्ढे में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूबे, दो की मौत

छपरा : मशरक थाना क्षेत्र के कर्ण कुदरिया गांव में सड़क बनाने के लिए किनारे खोदे गये गड्ढे में आये नहर के पानी में नहाने के दौरान दो बच्चों की मौत हो गयी।जबकि, एक बच्चे को लोगों ने बचा लिया और इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार सड़क बनाने के लिए किनारे खोदे गये गड्ढे में आये नहर के पानी में नहाने के लिए स्व सुरेंद्र साह का दस वर्षीय पुत्र विक्की कुमार, विजय साह का दस वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार और राजेश साह का 14 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार खेलने के बहाने सड़क के किनारे गढ़े में नहाने के लिए चले गये। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गये और तीनों बच्चे डूबने लगे।बगल के खेत में काम कर मजदूर जब तक पहुंच कर बच्चों को बचाते, तब तक दो बच्चाों की डूब कर मौत हो गयी और एक बच्चे को गंभीर हालत में निकाला गया।