
दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखंड के अरदेवा-जिमदाहा गांव स्थित गंडकी नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक भेल्दी थाना क्षेत्र के पतरही कला गांव निवासी स्व. रामनरेश राय का 44 वर्षीय पुत्र संजय राय बताया गया हैं। जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी के साथ जिमदाहा गांव में सहस्त्रचण्डी महायज्ञ देखने गया हुआ था। इस दौरान युवक अपनी पत्नी यज्ञ स्थल पर ही छोड़कर गंडक नदी में स्नान करने के लिए चला लेकिन उसे गंडक नदी के जलस्तर बढ़ने की जानकारी नहीं थी। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी के रास्ते पर गंडक का पानी चढ़ गया था। युवक नदी में स्नान करने के बाद वापस यज्ञ स्थल की तरफ लौट रहा था इस दौरान रास्ते पर पानी होने के कारण उसे रास्ते का सही अंदाजा नहीं मिल पाया और वह पानी भरे गड्ढे में चला गया जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुचे एवं एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। सूचना के बाद पानापुर से मौके पर पहुची एनडीआरएफ की टीम ने नदी के रास्ते के किनारे गड्ढे युवक का शव बरामद किया। मृतक को दो पुत्र 8 वर्ष तथा 5 वर्ष का हैं। इधर घटना के बाद मृतक की मां, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी एवं दोनों पुत्रों का रोरोकर बुरा हाल हैं। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।




Recent Comments