
छपरा: शहर के दलदली बाजार स्थित नारायण पैलेस में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शनिवार को विधि-विधान और भक्तिमय वातावरण के साथ संपन्न हो गई। समापन के अवसर पर छपरा विधायक छोटी कुमारी ने विशेष रूप से पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा हवन में आहुति देकर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।
इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और नैतिक संस्कार मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान हमारी युवा पीढ़ी को समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम हैं। छपरा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सभी के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
19 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित इस कथा में श्रीधाम वृंदावन की प्रख्यात कथा वाचिका अंजू देवी ने प्रतिदिन दोपहर 3:15 बजे से शाम 6:15 बजे तक श्रद्धालुओं को ज्ञान और भक्ति का रसपान कराया। कथा के विश्राम के बाद दोपहर में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।




Recent Comments