मढ़ौरा (सारण):स्थानीय अनुमंडल अस्पताल में बाह्य रोगी विभाग सेवा का ओपीडी शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह ठप रही। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से डॉक्टर को दिखाने आए दर्जनों मरीजों को बिना इलाज के ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
चिकित्सक संघ के आह्वान पर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते यह स्थिति बनी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अस्पताल में आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाएं, दुर्घटना के मामले, प्रसूता सेवा और मेडिकल जांच का कार्य पहले की तरह सुचारू रूप से जारी है।अस्पताल पहुंचे कई मरीजों ने शिकायत की कि उन्हें ओपीडी बंद होने की कोई पूर्व सूचना नहीं मिली थी। अस्पताल पहुंच कर लाइन में लगने के बाद जब उन्हें पता चला कि डॉक्टर नहीं बैठेंगे, तो उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर वीरेश कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि संघ के निर्देशानुसार ओपीडी सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गंभीर मरीजों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए अस्पताल में 24 घंटे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि जरूरतमंदों को उचित स्वास्थ्य लाभ मिल सके।




Recent Comments