
दैनिक खोज खबर/छपरा। सारण पुलिस ने मद्यनिषेध अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। त्वरित कार्रवाई और सख्त निगरानी के चलते पुलिस ने 2187 लीटर विदेशी शराब से भरे एक कंटेनर को जब्त करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 16.12.25 को डोरीगंज थाना को मद्यनिषेध इकाई, बिहार (पटना) से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उत्तर प्रदेश से एक कंटेनर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छुपाकर आरा के रास्ते छपरा लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डोरीगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और आरा–छपरा मार्ग पर उत्तरी छोड़ दुखिया ब्रह्म बाबा मंदिर के पास घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध कंटेनर आते दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर समेत चालक और उपचालक को पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शाहरुख और उपचालक ने जावेद बताया, दोनों उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी हैं।
कंटेनर की विधिवत तलाशी के दौरान उसमें छुपाकर रखी गई 2187 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। साथ ही दो जीपीएस ट्रैकर भी जब्त किए गए, जिससे तस्करी के नेटवर्क के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह शराब बुलंदशहर से मुजफ्फरपुर (बिहार) ले जाई जा रही थी।
इस मामले में डोरीगंज थाना में कांड दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।




Recent Comments