वोटर जागरुकता को लेकर ज़िला आइकन ने की हर-घर दस्तक की शुरुआत

कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट-
हिलसा (नालंदा) स्वतंत्र देश के नागरिक के नाते हमें हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत जो भी अधिकार मिले हैं उनमें सबसे बड़ा अधिकार है वोट का अधिकार. एक अकेला आदमी मतदान के ज़रिए सरकार गिरा भी सकता है और उसे बनाने का भी दम रखता है. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरुकता अभियान की कड़ी में हर-घर दस्तक कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए ज़िला स्वीप आइकन आशुतोष कुमार मानव ने ये बातें कही. उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा के चुनाव में आप सभी अपने पड़ोसियों को जागरुक करते हुए बूथ पर जाकर वोटिंग के लिए कहें और वोट दिलवाकर जागरूक देशभक्त का फ़र्ज़ निभाएँ. क़ोरोना काल के चलते सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए उपस्थित मतदाताओं एवं भावी वोटरों से श्री मानव ने कहा कि आप सभी मतदाताओं पर ही इस देश का भविष्य टिका है जिनके माथे पर लोकतंत्र की मज़बूती को लेकर कई बड़ी ज़िम्मेवारियाँ हैं. अपनी अपनी ड्यूटी निभाने के साथ साथ क़ोरोना महामारी के इस दौर में भी लगातार सामाजिक सरोकार से आप सबका जुड़ा रहना ये दर्शाता है कि देश में व्याप्त गम्भीर समस्याओं को लेकर आप कितने चिंतित हैं. . उन्होंने कहा कि हमें हर क़ीमत पर अपने वोट का प्रयोग करना है ताकि स्वच्छ सरकार का गठन हो सके. हर काम छोड़कर मतदान करना ज़रूरी है क्योंकि जब तक अधिक से अधिक लोग मतदान नहीं करेंगे तब तक अपने पसन्द की सरकार बनाना मुश्किल है. इस दौरान
उपस्थित लोगों ने सामूहिक संकल्प लेकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अपनी सशक्त भूमिका तय की तथा मतदाताओं को उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताते हुए अपने अपने माता पिता, रिश्तेदार, एवं पड़ोसियों के बीच जन जागरण अभियान चलाने की बात कही. मौक़े पर दिनेश प्रसाद शर्मा, गणेश कुमार गुप्ता, वीरमणि देवी, नीतीश कुमार, सरिता देवी, उजाला कुमारी, गोविन्द कुमार, राहुल कुमार, नीलम कुमारी, शोभा रानी, उमेश प्रसाद, सुषमा देवी, पंकज शर्मा, राकेश शर्मा, बंटी कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.




Recent Comments